लखीमपुर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब ई-रिक्शा चलाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की राह पर हैं। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित 'सेफ मोबिलिटी' कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की 50 महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में लखीमपुर और कुंभी गोला विकासखंड की 30 महिलाओं को इंडसेटी भंसड़िया में प्रशिक्षण दिया गया। सीतापुर से आई प्रशिक्षिका निरमा सिंह ने महिलाओं को ई-रिक्शा संचालन, यातायात नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। जिन महिलाओं के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, उनके लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन कराया गया है।

प्रशिक्षण के समापन पर उपायुक्त एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र, अग्रणी जिला प्रबंधक अशोक गुप्ता और डीडीएम वरुण गुप्ता ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। महिलाओं को अब मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से जोड़कर बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे ई-रिक्शा खरीदकर अपना रोजगार शुरू कर सकेंगी।

जिला मिशन प्रबंधक वरुण गुप्ता के अनुसार, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स और लक्ष्य संस्था ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सामुदायिक बैठकों के माध्यम से इस पहल से जोड़ा और ई-रिक्शा संचालन के लिए प्रेरित किया। योजना का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा विकसित करना है।

प्रशिक्षण पूरा कर चुकी ये महिलाएं अब सड़क पर उतरकर अपनी कमाई से परिवार को आर्थिक मजबूती देने के लिए तैयार हैं। गांव की सड़कों पर ई-रिक्शा चलाकर ये महिलाएं सवारियों को बाजार तक पहुंचाने और बच्चों व जरूरतमंदों के आवागमन का जरिया बनेंगी।