पूर्वी दिल्ली के यमुनापार में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। बाजारों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों, फुटपाथों और सर्विस लेन तक अवैध कब्जे बढ़ रहे हैं। नगर निगम की बैठकों में पार्षद इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बदलते नजर नहीं आ रहे हैं।
वार्ड कमेटी की बैठकों में पार्षदों ने लाइसेंस निरीक्षकों (एलआई) पर दुकानों से प्रतिमाह धन उगाही कर अवैध कब्जों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर भी कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है।
लक्ष्मी नगर वार्ड की पार्षद अलका राघव ने पिछली बैठक में यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि रेहड़ी-पटरी वालों ने घरों के सामने, मोहल्लों और चौराहों पर स्थायी रूप से कब्जा जमा लिया है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवाजाही में परेशानी होती है। उन्होंने आरोप लगाया था कि बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होती।
पार्षद रामकिशोर शर्मा ने विकास मार्ग पर चौड़े फुटपाथ और सर्विस लेन पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा उठाया था। उन्होंने शकरपुर स्कूल ब्लॉक के पास अवैध रूप से चल रही मछली मंडी का भी जिक्र किया और कहा था कि कई बार शिकायत के बावजूद मंडी को नहीं हटाया गया। उन्होंने अधिकारियों पर धन उगाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठने की चेतावनी दी थी।
पार्षद रेनू चौधरी समेत अन्य पार्षदों ने भी अपने क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताई थी और एलआई की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
