शामली के वीवी इंटर कॉलेज रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में 26 वर्षीय राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई 24 वर्षीय जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों भाई बाइक से शहर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। तीसरे भाई वसीम को मामूली चोट आई।
हादसे के बाद बस चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। राजा की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन और परिचित घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने का प्रयास किया और बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए करीब एक घंटे तक हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति संभाली।
मृतक राजा मूल रूप से सहारनपुर के हाकमशाह मुहल्ला का निवासी था, जबकि शामली के राजो मुहल्ला में भी उसका मकान है। मृतक के चचेरे भाई रहमान ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजा शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं। उसकी मौत से परिवार में शोक छाया हुआ है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
