इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की लोनी में एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने अपने एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी छिपाकर उससे शादी की और बाद में बीमारी का पता लगने पर विरोध करने पर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पीड़िता ने बताया कि वह नोएडा की एक रियल स्टेट कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। जुलाई 2024 में एक युवक उनके ऑफिस प्रॉपर्टी खरीदने के लिए आया और उनका नंबर ले लिया। आरोप है कि युवक ने प्रलोभन देकर उन्हें अपनी बातों में फंसाया और फिर घर जाकर स्वजन के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। अक्टूबर में दोनों की शादी हो गई, जिसके बाद दोनों फरीदाबाद में रहने लगे।

आरोप है कि पति लंबे समय तक घर नहीं आता था और जब वह उसे खोजने जाती तो मारपीट करता था। पीड़िता का कहना है कि उसके साथ पांच-छह बार मारपीट की गई। घर की सफाई के दौरान उन्हें पति की मेडिकल रिपोर्ट मिली, जिससे एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी हुई। आरोप है कि सास, ससुर और ससुराल के अन्य सदस्यों से इस बारे में बात करने पर सभी ने डांटकर उन्हें चुप करा दिया। पीड़िता के मुताबिक, पति की पहली पत्नी बीमारी के कारण तलाक देकर जा चुकी थी। 19 जून को आरोप है कि पति ने मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया, जिसके बाद उन्होंने आरोपितों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की।

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।