असम के नागांव जिले में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने पहचान छिपाकर छह हिंदू महिलाओं से शादी की। पीड़िता के मुताबिक, वह भी इन छह महिलाओं में शामिल है। शादी से पहले उसका नाम रंजू मुसाहारी था, जिसे बाद में फरीदा बेगम कर दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति जुमुद्दीन अहमद की इस हरकत में उसकी सास का भी साथ था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला हटोवाल थाने में दर्ज किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी की पहचान नागांव जिले के समागुरी इलाके के रहने वाले जुमुद्दीन अहमद के रूप में हुई है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि पिछले दो दशक से ज्यादा समय में जुमुद्दीन ने राजू बोरा, उत्पल बोरा और उत्पल सैकिया जैसे कई फर्जी नामों से पहचान बनाई। रंजू मुसाहारी उर्फ फरीदा बेगम से शादी के बाद जुमुद्दीन ने पहली शादी 2001 में तेजपुर की एक बोडो महिला से की, जब उसने अपना नाम राजू बोरा बताया था। इसके बाद उसने आंगलोंग, कार्बी, कालियाबोर और तेजपुर की अन्य महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया।

महिला ने अपनी सास पर भी पति की कारस्तानी में शामिल होने का आरोप लगाया। उसने कहा कि सास को शुरुआत से ही इस बात की जानकारी थी। जब उसने इस मामले पर सास से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने इसे छिपाने को कहा और पति की कई शादियों को सही ठहराया। पीड़िता के मुताबिक, अहमद की आखिरी पत्नी को सास ने बताया था कि उनकी शादी कोर्ट में हुई है और रजिस्टर्ड है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और इन आरोपों की जांच की जा रही है, जिसमें फर्जी दस्तावेज बनवाने के आरोप भी शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पीड़िता ने मीडिया से कहा कि वह बहुत खुश है कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने कहा कि वह 2001 से तकलीफ झेल रही है और उसने उसे मिलाकर कुल छह महिलाओं से शादी की है। पीड़िता ने कहा कि अभी उसकी छोटी बहन मदद कर रही है, लेकिन उसके काम पर लौटने के बाद बच्चों की देखभाल की चिंता है। उसने यह भी आरोप लगाया कि अहमद ने उसके बच्चों को पढ़ाई नहीं करने दी।