उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे निधन हो गया। शाम करीब साढ़े चार बजे वे अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और सीधे उस कक्ष में गए जहां मां की पार्थिव देह रखी थी। पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद योगी आदित्यनाथ रातभर मां की पार्थिव देह के पास बैठे रहे। कभी वे एकटक मां का चेहरा देखते तो कभी छत को निहारते। बीच-बीच में स्वजन से अंतिम क्रिया की तैयारियों पर चर्चा भी करते रहे।
शनिवार सुबह 8.50 बजे गांव से अंतिम यात्रा निकली। योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। जिस आंगन में उन्होंने मां की अंगुली पकड़कर चलना सीखा था, वहां से मां को अंतिम विदा देते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। भावनाओं पर काबू पाने की कोशिश के बीच मां के जाने की पीड़ा उनके चेहरे पर दिखी। यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।
मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर मां के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। संस्कृत में उन्होंने लिखा, नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः, नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया। अर्थात मां के समान कोई आश्रय नहीं, मां के समान कोई सहारा नहीं, मां के समान कोई रक्षक नहीं और मां के समान कोई प्रिय नहीं।
