गाजियाबाद के एनएच-9 स्थित आदित्य वर्ल्ड सिटी में बिल्डर पर विकास कार्यों और जनसुविधाओं के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष डा. शिव कुमार ने जीडीए उपाध्यक्ष को पत्र भेजकर बिल्डर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि जीडीए की ओर से 17 अक्टूबर को जारी दो नोटिसों की समयसीमा समाप्त होने के बाद भी बिल्डर ने शिकायतों का निस्तारण नहीं किया।

पत्र में 92,700 वर्ग मीटर से अधिक सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाया गया है, जिसमें 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क और 30 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट शामिल बताई गई है। इसके अलावा सार्वजनिक सुविधाओं, नर्सरी स्कूल, डाकघर और आंगनबाड़ी के विकास न होने का मुद्दा भी उठाया गया है।

शिकायत में दो ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों पर बिना उपचारित सीवर का पानी निचले क्षेत्र की सीवर लाइन में डालने का आरोप भी लगाया गया है। साथ ही कहा गया है कि स्वीकृत लेआउट के तहत एसटीपी समेत अन्य सामुदायिक सुविधाओं का विकास 18 प्रतिशत से अधिक नहीं हुआ है।

पत्र में बंद सड़कों, अधूरी स्ट्रीट लाइट, सीवर-पानी के कनेक्शन और बिजली सबस्टेशन के विकसित न होने का मुद्दा भी उठाया गया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने जीडीए से बिल्डर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।