देवरिया में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को मौत की जानकारी नहीं दी और रेफर के नाम पर शव को घंटों एंबुलेंस में घुमाता रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया है।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के रामपुर महुआबारी बेलहां गांव निवासी अली अहमद के पुत्र हुसैन दो दिन पहले ही दुबई से घर लौटे थे। उन्हें हर्निया की शिकायत थी। गुरुवार को वह अपनी बहन सितारा खातून के साथ जिला मुख्यालय स्थित बालाजी मंदिर के पास आरके शर्मा अस्पताल में ऑपरेशन कराने पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे ऑपरेशन के दौरान ही ऑपरेशन थिएटर में हुसैन की मौत हो गई।
आरोप है कि मरीज की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी परिजनों को देने के बजाय रेफर करने की बात कही और शव को एंबुलेंस में रखवा दिया। मृतक की बहन सितारा खातून को भी एंबुलेंस में बैठा लिया गया। इसके बाद दोपहर से देर रात तक एंबुलेंस को देवरिया से हाटा तक दौड़ाया जाता रहा। आरोप है कि परिजनों ने जब फोन पर सितारा खातून से बात करनी चाही तो एंबुलेंस में मौजूद अस्पताल कर्मचारियों ने उन्हें बात नहीं करने दी।
इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को हुई तो उन्होंने किसी तरह सितारा खातून से संपर्क किया। इसके बाद एंबुलेंस का पीछा करने के साथ ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। ग्रामीणों की मदद से पांडेयचक के पास एंबुलेंस को रुकवाया गया। इसके बाद शव को अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस क्षेत्राधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया। हुसैन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके तीन मासूम बच्चे हैं। मामले की जांच जारी है।
