मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलक समारोह में भव्य इंतजाम देखने को मिले। शादी की रस्मों की शुरुआत पैतृक गांव नदवां में पारंपरिक तिलक-चुमावन से हुई, जहां परिवार की महिलाओं ने मांगलिक गीत गाए। इस मौके पर शिवांगी के छोटे भाई अभिनव भी मौजूद रहे। परिवार में अभिनव के जनेऊ संस्कार की तैयारियां भी चल रही हैं।

रस्म पूरी होने के बाद अनंत सिंह परिजनों और ग्रामीणों के साथ दानापुर के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब तीन बजे निकले इस काफिले में 400 से अधिक गाड़ियां शामिल थीं। दानापुर के जी रिसॉर्ट में रात में तिलक और फलदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए थे।

मेहमानों के स्वागत के लिए 1000 किलो शुद्ध घी के लड्डू तैयार कराए गए। शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से खानपान के इंतजाम किए गए। शिवांगी के होने वाले दूल्हे के लिए रेंज रोवर गाड़ी मंगाई गई, जो शुक्रवार को नदवां गांव पहुंची।

शिवांगी की शादी पटना जिले के बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। शादी की तारीख 25 नवंबर निर्धारित है, जिसके लिए नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।