मुजफ्फरनगर पुलिस ने अमरोहा में साइबर ठगी का भंडाफोड़ करते हुए अंकुर सैनी, अक्षय अग्रवाल और अब्दुल मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये ग्राहकों की आईडी पर दो सिम कार्ड जारी करते थे और एक को अपने पास रखकर साइबर ठगी में इस्तेमाल करते थे। इस गिरोह के तार कंबोडिया से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार अब्दुल मलिक अमरोहा के टीपीनगर चौराहा पर कैनोपी लगाकर कई कंपनियों के सिम कार्ड पोर्ट करने और नए सिम बेचने का काम करता था, जबकि अंकुर सैनी भी इसी काम से जुड़ा था। अक्षय अग्रवाल डिस्ट्रीब्यूटर बताया जा रहा है। आरोप है कि ये लोग ग्राहकों को लालच देकर उनकी आईडी पर दो सिम कार्ड जारी कराते थे—एक ग्राहक को देते और दूसरा अपने पास रख लेते।
एक डिस्ट्रीब्यूटर के मुताबिक सिम पोर्ट कराने पर इन लोगों कोई पैसा नहीं लेते थे और एक महीने का अनलिमिटेड डेटा भी देते थे, जबकि नया सिम कार्ड केवल 150 रुपये में देते थे। बताया गया कि नया सिम कार्ड सामान्य रूप से 350 रुपये (कॉल व डेटा) तथा केवल कॉल के लिए 250 रुपये में जारी होता है। आरोप है कि ग्राहक की आईडी की फोटो के साथ उसकी फोटो दो बार खींची जाती थी और फोटो सही न आने या सर्वर में न पकड़े जाने का बहाना बनाकर दोबारा फोटो ली जाती थी, जिससे दो सिम कार्ड जारी हो जाते थे।
रिपोर्ट के अनुसार जिले में कई अन्य लोग भी इस तरह का धंधा कर रहे हैं और डिस्ट्रीब्यूटरों से थोक में सिम कार्ड मांगते हैं। कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी गिरोह से तार जुड़ने के बाद सड़क किनारे कैनोपी लगाकर सिम पोर्ट करने और बेचने वाले लोग एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं।
