उज्जैन जिले के नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी में देवउठनी एकादशी पर प्रतिबंध के बावजूद पाड़ों की लड़ाई का आयोजन किया गया। इस दौरान एक बेकाबू पाड़ा दर्शकों की भीड़ में घुस गया और सात साल के बच्चे युवराज दायमा को कुचलते हुए उसके सीने पर चढ़ गया। गंभीर चोटें लगने से अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
आयोजन स्थल पर सुबह से ही पाड़ों की लड़ाई कराई जा रही थी और 12 जोड़ पाड़ों को लड़ाने की योजना थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सातवीं जोड़ की लड़ाई में शुभम और सागर नामक व्यक्तियों के पाड़े शामिल थे। लड़ाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा थे, तभी एक पाड़ा बेकाबू होकर भीड़ की ओर दौड़ पड़ा और युवराज उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
युवराज कक्षा पहली का छात्र था और उसके पिता आकाश वाहन चालक हैं। बताया गया है कि पिता-पुत्र आयोजन स्थल पर कुछ दूरी पर बैठे थे। हादसा होते ही आकाश ने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।
बता दें कि पाड़ों के बेकाबू होने से दर्शकों को खतरा रहने के कारण उज्जैन जिले में प्रशासन ने पाड़ों की लड़ाई पर काफी समय पहले प्रतिबंध लगा दिया था, फिर भी देवउठनी एकादशी पर इसका आयोजन किया गया। आयोजन किसने कराया और किसकी अनुमति ली गई थी, इसकी जानकारी फिलहाल पुलिस के पास नहीं है। नागझिरी थाना प्रभारी राकेश भारती का कहना है कि आयोजकों की जानकारी जुटाई जा रही है और जिनका नाम सामने आएगा, उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
