पथ निर्माण विभाग ने बिहार के 30 स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स की दरों को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इनमें मुजफ्फरपुर का सरैया मोतीपुर एसएच 86 भी शामिल है। 28 किमी लंबे इस मार्ग पर टोल वसूली के लिए बसराकाजी में टोल प्लाजा निर्धारित किया गया है। निर्धारित दर के अनुसार कार, जीप, वैन या हल्के मोटर वाहन को 1.25 रुपये प्रति किमी तथा हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के मालवाहक वाहन या मिनी बस को दो रुपये प्रति किमी शुल्क देना होगा।
अधिसूचना के मुताबिक बस और दो एक्सल वाले ट्रक के लिए 4.25 रुपये, तीन एक्सल वाले वाणिज्यिक वाहनों के लिए 4.60 रुपये, चार से छह एक्सल वाले मल्टी एक्सल व भारी निर्माण या अर्थ मूविंग उपकरण के लिए 6.65 रुपये और सात या अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहनों के लिए 8.10 रुपये प्रति किमी दर तय की गई है। सरैया मोतीपुर मार्ग पर 60 मीटर से अधिक लंबाई वाले दो बड़े पुलों की कुल लंबाई 693 मीटर है। इन पुलों की लंबाई को दस गुना यानी 6.93 किमी सड़क के बराबर मानकर शुल्क की गणना की जाएगी।
गैर वाणिज्यिक पंजीकरण वाली कार, जीप, वैन या हल्के मोटर वाहन पर शुल्क नहीं लगेगा। जहां सर्विस या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध है और दोपहिया वाहन चालक उसका उपयोग करते हैं, वहां भी यह छूट शामिल है। निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों को राहत नहीं मिलेगी और संबंधित श्रेणी के वाहन पर लागू शुल्क के बराबर राशि टोल एजेंसी को देनी होगी।
बार-बार सफर करने वालों के लिए पास की सुविधा दी गई है। एक तरफ के शुल्क का डेढ़ गुना देकर 24 घंटे में दो एकतरफा यात्रा की जा सकेगी, जबकि 50 एकतरफा यात्राओं के लिए निर्धारित कुल शुल्क का दो-तिहाई भुगतान कर एक माह की वैधता वाला पास लिया जा सकेगा। सूची में एसएच 15 देहरी नासरीगंज बिक्रमगंज दिनारा, एसएच एक पटना मसौढ़ी, एसएच 12 आरा सासाराम खंड एक, एसएच 68 शिवगंज बैदराबाद खंड एक व दो, एसएच 81 सकड्डी सहार नासरीगंज और एसएच 102 बिहटा पीरो व अरवल सहार पुल समेत अन्य मार्ग शामिल हैं।
