बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा की संभावित तिथि 17 जनवरी घोषित की है। आयोग के अनुसार, 1189 पदों के लिए इस परीक्षा में करीब 5 लाख 15 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिससे एक पद के लिए औसतन 433 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा। इन पदों में राजस्व पदाधिकारी के 365 पद भी शामिल हैं।
आयोग ने बताया है कि परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। परीक्षा की तिथि, परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी बाद में उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। आयोग के मुताबिक, परीक्षा से संबंधित सूचनाओं के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस को ही मान्य माना जाएगा।
बता दें कि 72वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा पहले 26 जुलाई को प्रस्तावित थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 अक्टूबर निर्धारित किया गया था। अब आयोग ने एक बार फिर तिथि में बदलाव करते हुए 17 जनवरी को संभावित तिथि घोषित की है। इससे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है।
इसके साथ ही अभ्यर्थियों की नजर सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) भर्ती पर भी बनी हुई है। इस भर्ती से जुड़ी परीक्षा और आगे की प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक सूचनाओं का इंतजार कर रहे हैं।
