पन्ना में ऑटो चालक सोनू रैकवार को अपनी खदान में 3.17 कैरेट का हीरा मिला है। शुक्रवार को उन्होंने इसे हीरा कार्यालय में जमा करा दिया। हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, हीरे की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है।

सोनू ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें रात में हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। उन्होंने यह बात अपने परिवार वालों को बताई। इसके बाद उन्होंने कार्यालय से पट्टा लिया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू की। खदान लगाने के महज 15 दिन की मेहनत में ही उन्हें यह हीरा मिल गया।

हीरा कार्यालय में अब तक 175 हीरे जमा हैं, जिनका वजन 387.21 कैरेट और अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये है। हीरे की अंतिम नीलामी दिसंबर 2024 में हुई थी।

सोनू का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली रकम से वह आगे भी खदान लगाएंगे और बड़े हीरे की तलाश जारी रखेंगे, क्योंकि उन्हें अब भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं।