नई टिहरी में बीती रात नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत के पति जयेंद्र रावत के बीच किसी बात को लेकर बहस और विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों तरफ से तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत का कहना है कि जयेंद्र रावत ने पालिका के उनके पहले कार्यकाल में कुछ कार्य किए थे, जिसका भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। आरोप है कि भुगतान के लिए जयेंद्र रावत काफी समय से दबाव बना रहे थे, लेकिन उसमें वित्तीय अनियमितता की बात सामने आई थी और वह फाइल शासन को भेजी गई है। मोहन सिंह रावत ने इसी रंजिश के चलते अपने साथ अभद्रता का आरोप लगाया है और कहा कि इस दौरान वह अचानक नीचे गिर गए, जिससे उनकी नाक में चोट लगी है।
दूसरी ओर जयेंद्र रावत का कहना है कि वह काफी समय से नगर पालिका में खड़े कूड़ा वाहनों के मामले को उठा रहे थे। उनका आरोप है कि वह पालिका में भ्रष्टाचार के मामले भी उठा रहे थे, जिस कारण अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर आई है और मामले की जांच जारी है।
