अकोला के गांव पिनानी निवासी अंकित रावत ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में 151वीं रैंक हासिल कर सेना में अफसर बनने का सपना साकार किया है। अंकित के पिता लक्ष्मण सिंह रावत पिछले 12 वर्षों से अकोला स्थित एसजी पब्लिक स्कूल में बस चालक के रूप में कार्यरत हैं। जिस स्कूल में उनके पिता बस चलाते हैं, उसी स्कूल में अंकित ने कक्षा एक से पांचवीं तक पढ़ाई की।
पांचवीं के बाद अंकित ने नैनीताल के घोड़ाखाल स्थित सैनिक स्कूल से 12वीं तक की शिक्षा पूरी की। मेहनत के दम पर उन्होंने पहली ही बार में एनडीए में 151वीं रैंक हासिल की। उनकी इस सफलता से परिवार ही नहीं, पूरे गांव में खुशी की लहर है।
बाल दिवस के अवसर पर अंकित रावत अपने पुराने विद्यालय एसजी पब्लिक स्कूल में अतिथि के रूप में पहुंचे। विद्यालय प्रबंधक अजीत मालान ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान अंकित ने विद्यार्थियों के साथ अपनी सफलता का अनुभव साझा किया और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के गुर बताए।
अपने पुराने विद्यालय में अतिथि के रूप में सम्मानित होने पर अंकित ने खुद को गौरवान्वित महसूस किया।
