भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान की पहली मानवरहित उड़ान (जी-1) की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि इस उड़ान को दिसंबर के आखिर या जनवरी 2027 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी है। श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से होने वाली इस उड़ान में क्रू और सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष में जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी का परीक्षण करना है। पहले चरण में ह्यूमेनॉइड रोबोट ‘व्योममित्र’ नहीं जाएगा, उसे दूसरी उड़ान में भेजा जाएगा।

मिशन को मानव-रेटेड एचएलवी-3 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा, जो चंद्रयान-3 वाले रॉकेट का ही उन्नत रूप है। फिलहाल पूरे मॉड्यूल का ‘थर्मो-वैक’ परीक्षण चल रहा है, जिसमें अंतरिक्ष जैसी निर्वात स्थिति में उपकरणों की जांच हो रही है। इसरो ने क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अलग करने वाले सिस्टम की टेस्टिंग पूरी कर ली है। 16 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर में ये परीक्षण किए गए थे।

वापसी के समय सर्विस मॉड्यूल को अलग करना जरूरी है, ताकि क्रू मॉड्यूल अपनी हीट शील्ड के साथ वायुमंडल में प्रवेश कर सके। दोनों मॉड्यूल के बीच बिजली, संचार और जीवन समर्थन प्रणाली से जुड़े तरल पदार्थों के कनेक्शन सेपरेशन के दौरान सही क्रम में टूटने चाहिए। गगनयान में क्रू एस्केप सिस्टम भी है, जिसका उड़ान के दौरान प्रदर्शन अक्टूबर 2023 में TV-D1 परीक्षण के जरिए जांचा गया था।

पहली दो उड़ानें सफल रहने पर तीसरी उड़ान में मार्च 2028 तक भारतीय गगनयात्री अंतरिक्ष जाएंगे। इस मिशन के पूरा होते ही भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद अंतरिक्ष में इंसान भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा। गगनयान मिशन की लागत करीब 20,193 करोड़ रुपए है और इसके लिए वायुसेना के चार पायलट्स चुने गए हैं, जिनमें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी शामिल हैं।