गुरुग्राम पुलिस ने मतांतरण के एक कथित मास्टरमाइंड को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रवीण उर्फ डॉ. पीटर जॉन मलकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मणिपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह दस साल से अधिक समय से 'पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल' नाम का एनजीओ चला रहा था। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी बताई है।

पिछले सप्ताह गुरुग्राम के घाटा गांव में ईसाई धर्म में मतांतरण के कथित खेल का पर्दाफाश हुआ था। 14 नवंबर को छापेमारी में चार महिलाओं को पकड़ा गया था, जिनसे पूछताछ में डॉ. पीटर और उसकी पत्नी के बारे में जानकारी मिली। आरोपी की पत्नी अमेरिकी नागरिक बताई जा रही है, जो फिलहाल फरार है।

प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार एनजीओ से जुड़े वॉलंटियर इसी दंपती के कहने पर झुग्गियों में पाठशाला चलाते थे, जहां बच्चों को खाने-पीने, पढ़ने और कपड़े दिए जाते थे। आरोप है कि वहां बच्चों का ब्रेनवॉश कर उन्हें ईसाई धर्म में मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता था और यीशु मसीह के बारे में पढ़ाया व प्रार्थना कराई जाती थी।

घाटा गांव की झुग्गियों में रहने वाले लोगों के मुताबिक करीब एक साल पहले एनजीओ ने वहां स्वास्थ्य शिविर लगाया था, जिसके बाद हर शनिवार शिविर लगने लगा। एक महिला के अनुसार उसे पहले यीशु मसीह की प्रार्थना कराई गई, फिर दवाई और फल दिए गए। सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि एनजीओ कब से संचालित था, उसकी फंडिंग कहां से हो रही थी और अब तक कितने लोगों का मतांतरण कराया गया।