कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पविष्य है और चुनावों का बहिष्कार करना लोकतंत्र को खत्म करने जैसा होगा। उन्होंने यह बात गुरुवार को अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ हुए संवाद के दौरान कही।
राहुल गांधी ने कहा कि उनके लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है। उन्होंने कहा कि अगर हमने चुनावों का बहिष्कार करने का फैसला किया, तो उसी पल हम भारतीय लोकतंत्र को खत्म कर देंगे और हम ऐसा नहीं करना चाहते।
उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति यह है कि वे लड़ें और भारत के लोगों को बताएं कि देश में क्या चल रहा है। राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं।
इससे पहले राहुल गांधी ने कहा था कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। इसके पीछे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियां हैं। उन्होंने कहा था कि युवाओं में बढ़ती निराशा की मुख्य वजह यह है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता।
