विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलीगढ़ पुलिस ने ऐसे लोगों की घेराबंदी तेज कर दी है, जिनसे चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका है। अब तक 36,578 लोगों को पाबंद किया जा चुका है और पुलिस इस आंकड़े को करीब दोगुना करने की तैयारी में है।
एसएसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार, चुनाव में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और बीट सिपाही गांव-मुहल्लों में जाकर भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। वर्तमान पता, गतिविधियां और पुराने आपराधिक मुकदमों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। चिह्नित लोगों को नोटिस भेजने के साथ मुचलका पाबंद भी किया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई में 247 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट और 1,574 के खिलाफ धारा 110जी के तहत कार्रवाई की गई है। तीन या इससे अधिक मुकदमों में जेल जा चुके और फिलहाल बाहर रह रहे लोगों का रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। पुराने विवादों में शामिल लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है। बड़े अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने और गैंग्सटर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
चिह्नित लोगों की निगरानी के लिए उनका ब्योरा यक्ष एप पर दर्ज किया जा रहा है, जिसमें फोटो, पता, पुराने मुकदमे और मौजूदा गतिविधियों की जानकारी शामिल है। इससे बीट सिपाही से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति का रिकार्ड देख सकेंगे। सत्यापन के दौरान करीब 150 लोग अपने दर्ज पते पर नहीं मिले हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है और उनके पुराने पते व संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
