परिसीमन विधेयक पर शरद पवार के समर्थन को लेकर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने अपने 'पीठ में छुरा घोंपने' वाले बयान से यू-टर्न लिया है। रविवार को वडेट्टीवार ने कहा कि अगर शरद पवार इस बिल से अपना समर्थन वापस ले लेते हैं, तो वे उनके पैरों में सिर रखकर माफी मांगेंगे और पवार कहें तो राजनीति भी छोड़ देंगे। छह बार के विधायक वडेट्टीवार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके पिछले बयान का मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने कहा कि पवार की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा की छवि दिलों में हमेशा बनी रहेगी और अगर वे बिल से समर्थन वापस लेते हैं तो वे कुछ भी करने को तैयार हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस और शरद पवार की पार्टी महाराष्ट्र में सहयोगी हैं। इसके बावजूद शनिवार को वडेट्टीवार ने 85 वर्षीय शरद पवार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि पवार का इतिहास लोगों की पीठ में छुरा घोंपने और फायदा उठाने का रहा है और उन्होंने एक बार फिर यही किया है। वडेट्टीवार ने यह भी कहा था कि यह पार्टी सत्ता के बिना जिंदा नहीं रह सकती और इनकी कोई विचारधारा नहीं है।

इस विवाद के बीच कांग्रेस के शीर्ष नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी रविवार को मुंबई के अस्पताल में भर्ती शरद पवार से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा करने वाले हैं। कांग्रेस का यह प्रतिनिधिमंडल सहयोगी दल डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से भी बात करेगा, जिन्होंने इस परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन किया है।

बता दें कि अप्रैल में समर्थन जुटाने में विफल रहने के बाद केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में नया संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है। प्रस्ताव के मुताबिक महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण लागू करने के लिए हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सीटें 543 से बढ़कर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। नई सीटों और सीमाओं के निर्धारण के बाद इन्हें साल 2051 तक के लिए फ्रीज कर दिया जाएगा। इस प्रस्ताव के सामने आने के बाद विपक्षी दलों का आरोप है कि यह विधेयक लोकतंत्र को खत्म कर देगा और इसके जरिए भाजपा को अपने राजनीतिक फायदे के लिए संविधान को फिर से लिखने की ताकत मिल जाएगी।