भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। इस मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार शमी अमरोहा की किसी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, हालांकि अमरोहा सीट से उनके चुनाव लड़ने की संभावना ज्यादा बताई जा रही है। मुलाकात के दौरान बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे।
इससे पहले 20 सितंबर को मोहम्मद शमी ने रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। चर्चा है कि जयंत चौधरी शमी को अमरोहा सीट से चुनाव लड़वा सकते हैं और वे खुद भी यह सीट मांग रहे हैं। वहीं, शमी के भाई ने कहा है कि समय आने पर सब बताया जाएगा।
गौरतलब है कि क्रिकेट और राजनीति का पुराना नाता रहा है। क्रिकेटर रहे मोहम्मद अजहरुद्दीन कांग्रेस के टिकट पर मुरादाबाद से सांसद रहे थे। क्रिकेटर चेतन चौहान बीजेपी के टिकट पर अमरोहा लोकसभा सीट और नौगांव सादात विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। 2017 के यूपी चुनाव में वे नौगांव सादात से विधायक बने और योगी सरकार में मंत्री भी रहे। 16 अगस्त 2020 को उनका निधन हो गया।
मोहम्मद शमी का जन्म अमरोहा जिले के सहसपुर अलीनगर गांव में हुआ था। अमरोहा जिले में चार विधानसभा सीटें हैं — धनौरा (अनुसूचित जाति), नौगांव सादात, अमरोहा और हसनपुर।
