केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में दो दिवसीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब दहशतगर्दों के पूरे नेटवर्क पर एक साथ प्रहार करना होगा। उन्होंने कहा कि आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने के बाद पूरा कश्मीर भारत में पैदा हुए आतंकवादियों की मौजूदगी से मुक्त हो गया है और यह सफलता आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मील का पत्थर साबित होगी। शाह ने कहा कि आतंकवाद, संगठित अपराध और ड्रग्स की समस्याओं को जड़ से खत्म करने के लिए विदेश में बैठे दोषियों को भारत लाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को वापस लाया गया है।

गृह मंत्री ने कहा कि एक ही रात में 11 राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर पीएफआई की रीढ़ तोड़ दी, जो आज पूरी दुनिया के लिए एक केस स्टडी है। उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद का सामना करता आया है; अलग-अलग राज्यों की पुलिस ने अलग-अलग प्रकार के प्रयास किए, मगर एक समन्वित प्रयास की कमी नजर आती थी। समय के साथ कई सरकारों के कार्यकाल में इन कमियों को दूर करने के प्रयास हुए और अब कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारिका से कामाख्या तक ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है जिसमें आतंकवाद का सामना करने के लिए हर पुलिस थाने के स्तर तक एकसमान रणनीति पर काम होगा।

शाह ने कहा कि 35 साल के बाद यह स्थिति आई है। उन्होंने बताया कि शहजाद भट्टी नेटवर्क को गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है और देशभर में इसके लगभग 40 से अधिक मॉड्यूल नष्ट किए जा चुके हैं। इस नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के तहत 100 से अधिक मामले दर्ज हुए और 271 से अधिक गिरफ्तारियां हुईं। उन्होंने कहा कि एक सफल एजेंसी का काम है कि आतंकवादी घटना को अंजाम देने से पहले ही आतंकवादियों को पकड़कर जेल की सलाखों के पीछे डाल दे, और हर राज्य की पुलिस को इस मॉडल का विश्लेषण कर इसे अपने यहां लागू करना चाहिए।

इस अवसर पर गृह मंत्री ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा प्रकाशित 'Fail-Safe Investigation' का विमोचन किया। उन्होंने चंडीगढ़ के एनआईए कार्यालय परिसर की आधारशिला रखी और दिल्ली के मैदानगढ़ी में बने एनआईए आवासीय परिसर का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने एनआईए के 'पुष्टि' पोर्टल का ई-लॉन्च किया और राष्ट्रीय जांच एजेंसी के सात अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया।