भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने वाराणसी से मेडागास्कर के लिए बिस्कुट की पहली निर्यात खेप को हरी झंडी दी है। यह कदम पूर्वांचल की फूड-प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को बढ़ावा देने और भारत के प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की वैश्विक पहुंच बढ़ाने की दिशा में उठाया गया है।
निर्यात की यह खेप वाराणसी में स्थित एक निर्माता-निर्यातक, मेसर्स श्री तिरुपति बालाजी इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भेजी जा रही है। खेप को सड़क मार्ग से वाराणसी से न्हावा शेवा (जेएनपीटी), महाराष्ट्र ले जाया गया, जहां से इसे समुद्री मार्ग से मेडागास्कर के तमातावे पोर्ट भेजा गया।
एपीडा के अनुसार, भारत और मेडागास्कर के बीच एपीडा-शेड्यूल उत्पादों का कुल व्यापार लगभग 990 करोड़ रुपये का था। यह कदम मेडागास्कर को राज्य के कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया है।
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारत का अनाज से बने बिस्कुट का निर्यात लगभग 3,642 करोड़ रुपये का था, जबकि इसी अवधि में मेडागास्कर को भारत का बिस्कुट निर्यात लगभग 7.60 करोड़ रुपये का रहा, जो इस बाजार में विस्तार की संभावनाओं का संकेत देता है। इस पहल से क्षेत्र के निर्माताओं और निर्यातकों के लिए नए अवसर बनने और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में राज्य की हिस्सेदारी मजबूत होने की उम्मीद है।
