भारतीय सेना ने वरिष्ठ अफसरों की ड्रेस में 2023 में किए गए बदलावों को वापस लेने का फैसला किया है। यह आदेश 1 दिसंबर से लागू होगा। 13 नवंबर के पत्र पर आधारित आंतरिक आदेश के मुताबिक, गोरखा राइफल्स के जनरल फिर अपनी पहचान वाली हैट पहन सकेंगे। स्पेशल फोर्सेज के वरिष्ठ अफसर मैरून बेरेट और बख्तरबंद रेजिमेंट के अफसर ब्लैक बेरेट पहन सकेंगे। वरिष्ठ अफसर अधिकृत वर्दी के साथ अपनी पारंपरिक रेजिमेंट या कोर से जुड़े चिन्ह भी लगा सकेंगे। यह बदलाव ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अफसरों पर लागू होगा।

2023 में सेना ने वरिष्ठ नेतृत्व के लिए एक जैसी पहचान बनाने के उद्देश्य से वर्दी के कई सामान एक जैसे कर दिए थे। उस नीति में अफसरों की मूल रेजिमेंट और सर्विस की पहचान दिखाने वाले चिन्ह हटा दिए गए थे।

इस बीच, पिछले हफ्ते NSG कमांडो की यूनिफॉर्म बदलने का फैसला हुआ है। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) ने अपने VIP सुरक्षा में लगे कमांडो के लिए नई ब्रीदेबल यानी सांस लेने वाली यूनिफॉर्म बनाने की सिफारिश की है। यह यूनिफॉर्म नायको कपड़े से बनेगी, जिसमें नायलॉन और कॉटन होता है। यह कपड़ा हवा और नमी को आसानी से बाहर निकलने देता है। अप्रैल में विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा में तैनात कमांडो करीब 44 डिग्री तापमान में बेहोश हो गया था। इसके बाद ही यह फैसला लिया गया। NSG को उम्मीद है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा तक कमांडो नई यूनिफॉर्म पहनने लगेंगे।

इसी साल जून में भारतीय सेना ने 174 पेज की नई ‘आर्मी यूनिफॉर्म-2026’ बुक में औपनिवेशिक काल के नियमों में भी बदलाव किया था। नए नियमों में रिव्यूइंग ऑफिसर के लिए परेड में तलवार रखना वैकल्पिक कर दिया गया है, जबकि कुछ मैस ड्रेस के साथ इस्तेमाल होने वाली पाउच बेल्ट हटाई गई है। साथ ही ‘रॉयल’ जैसे पुराने शब्दों का इस्तेमाल बंद किया गया है। पहली बार फॉर्मल सिविल ड्रेस में स्वदेशी बंदी जैकेट को भी शामिल किया गया है। सेना इससे पहले फरवरी 2023 में भी कई पुरानी परंपराएं खत्म कर चुकी है, जिनमें समारोहों में घोड़ा-गाड़ी का इस्तेमाल, रिटायरमेंट के दौरान ‘पुल आउट’ इवेंट और डिनर में पाइप बैंड की परंपरा शामिल थी। सेना ने 2025 में अपने नए कॉम्बैट यूनिफॉर्म के डिजाइन (डिजिटल प्रिंट) का पेटेंट भी करा लिया था, यानी बिना अनुमति के इस डिजाइन का यूनिफॉर्म न बनाया जा सकेगा, न बेचा जा सकेगा और न उपयोग किया जा सकेगा। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई और जुर्माना होगा। सेना ने जनवरी 2025 में नया कॉम्बैट यूनिफॉर्म पेश किया था, जो तीन-लेयर वाली है और सैनिकों के लिए हर मौसम में आरामदायक बताई गई है।