मुंबई। हिंदी सिनेमा में चार दशकों से अधिक समय से सक्रिय अभिनेता अरुण बख्शी ने अपने करियर और 'फटेला जेब' गाने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि 2002 में प्रदर्शित फिल्म 'आंखें' के इस गाने की रिकॉर्डिंग के बाद उन्हें कोई फीस नहीं दी गई थी, लेकिन गाना सुपरहिट होने के बाद निर्माताओं ने उन्हें दोगुने पैसे दिए।

अरुण बख्शी ने बताया कि उस समय वह जयपुर में थे, जब फिल्म के निर्माताओं की ओर से फोन आया कि अगली सुबह 11 बजे गाना रिकॉर्ड करना है। वह रात की फ्लाइट से मुंबई आए और सुबह 11 बजे रिकॉर्डिंग स्टूडियो पहुंचे। दोपहर दो बजे से लगभग पांच बजे तक गाने की रिकॉर्डिंग हुई। रिकॉर्डिंग के बाद जब वह निकलने लगे तो उन्हें कोई पैसे नहीं दिए गए। इस पर भी उन्होंने निर्माताओं से कहा कि यह गाना सुपरहिट है।

गाना रिलीज होने के बाद सुपरहिट हो गया। अरुण बख्शी के अनुसार, फिर निर्माताओं ने उन्हें बधाई दी और कहा कि उनका कहना सच हो गया। इस पर उन्होंने तंज में कहा कि उन्होंने तो यह गाना सुना ही नहीं है। इसके बाद निर्माताओं को याद आया कि उन्हें इस गाने के लिए पैसे नहीं दिए गए थे, और उन्होंने उन्हें दोगुने पैसे दिए।

अभिनेता ने बताया कि पृथ्वी थिएटर में नाटकों के दौरान उन्हें गाने के लिए पांच रुपये मिलते थे, और मांग बढ़ाने पर यह राशि 10 रुपये हो गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय कला को लेकर एक अलग जुनून था। अपने आगामी प्रोजेक्ट्स के बारे में उन्होंने बताया कि कुछ फिल्में, वेब सीरीज और गाने आने वाले हैं। फिलहाल उनके पास 10 गाने हैं, जिन्हें रिलीज करना है।