एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान ए और श्रीलंका ए के बीच दोहा में खेला जा रहा है। पाकिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।
श्रीलंका ए ने सेमीफाइनल में भारत ए को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। उस मुकाबले में लसिथ क्रूसपुले ने 116 और सिनेथ जयवर्धने ने 105 रन की शतकीय पारी खेली थी। फाइनल में भी इन दोनों बल्लेबाजों पर नजरें रहेंगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान ए ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश ए को पांच विकेट से हराया और टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया। पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान की गेंदबाजी शानदार रही है।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब पाकिस्तान ने अब तक तीन बार जीता है और वह डिफेंडिंग चैंपियन भी है। श्रीलंका ने यह ट्रॉफी 2017 और 2018 में दो बार अपने नाम की है। दोनों टीमों के बीच 2017 से अब तक कुल नौ मुकाबले (वनडे और टी-20) खेले गए हैं, जिनमें पाकिस्तान ए ने पांच और श्रीलंका ए ने दो जीते हैं, जबकि दो मैचों का नतीजा नहीं निकला है।
पाकिस्तान ए की कप्तानी अब्दुल समद कर रहे हैं, जबकि श्रीलंका ए की कमान पवन रत्नायके के पास है। पाकिस्तान ए की टीम में शमील हुसैन, माज सदाकत, शाहजैब खान, हसन नवाज, फरहान यूसुफ, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), मोहम्मद इमरान रंधावा, अहमद दानियाल, सुफयान मुकीम और अली रजा शामिल हैं। श्रीलंका ए की टीम में लसिथ क्रूसपुले, सिनेथ जयवर्धने, निशान मदुश्का (विकेटकीपर), निपुण धनंजय, जनिथ लियानागे, रविन्दु फर्नांडो, वानुजा सहान, विजयकांत व्यासकांथ, लाहिरू समरकून और गरुका संकेथ शामिल हैं।
