इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने मक्का डिफेंस पैक्ट के तहत सऊदी अरब में अपने सैनिक भेजे हैं। पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह तैनाती तय प्रतिबद्धताओं और रक्षा सहयोग के स्थापित ढांचे के अंतर्गत की गई है। सैनिकों को शनिवार को रवाना किया गया, जिसके लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया था। इस मौके पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ, पाकिस्तान में सऊदी अरब के राजदूत राजेह तमी अल-बुगामी, सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल उमर अहमद बुखारी और लाहौर कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद उमर बशीर मौजूद थे। यह तैनाती इसी हफ्ते इस्लामाबाद में मक्का डिफेंस पैक्ट के तहत हुई एक बैठक के बाद की गई है। उल्लेखनीय है कि यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब हूती विद्रोहियों के हमले जारी हैं।

पाकिस्तानी सेना के बयान के अनुसार, यह तैनाती सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी तथा भाईचारे के संबंधों पर आधारित है। बयान में कहा गया कि पाकिस्तान सऊदी अरब की सुरक्षा और हरमैन शरीफैन यानी मक्का व मदीना के दो पवित्र स्थलों की पवित्रता की रक्षा के अपने संकल्प पर पूरी तरह कायम है। सेना ने बताया कि ये सैनिक सऊदी अरब के क्षेत्र में तय प्रतिबद्धताओं और रक्षा सहयोग के स्थापित ढांचे के तहत अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे। बयान में यह भी कहा गया कि मौजूदा सुरक्षा चिंताओं के बीच यह तैनाती सऊदी अरब की रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करने में योगदान देगी।

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग आईएसपीआर ने स्पष्ट किया है कि सैनिक सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और दो पवित्र मस्जिदों की सुरक्षा के लिए सऊदी क्षेत्र में ही तैनात रहेंगे। इसका अर्थ है कि पाकिस्तानी सैनिकों को सऊदी अरब के बाहर नहीं भेजा जाएगा। आईएसपीआर के अनुसार, यह तैनाती केवल रक्षात्मक प्रकृति की है और इन सैनिकों को यमन में हूतियों से लड़ने के लिए नहीं भेजा जाएगा।