पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम ने शुक्रवार, 27 नवंबर को दुबई के कोका-कोला एरिना में कॉन्सर्ट किया। इस दौरान उन्होंने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का गाना 'जान से गुजरते हैं' गाया। एक फैन ने इस परफॉर्मेंस का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैन ने वीडियो के साथ इसे अनएक्सपेक्टेड क्रॉसओवर बताते हुए लिखा, 'कुछ गानों को सच में किसी वीजा की जरूरत नहीं होती।'
'जान से गुजरते हैं' की मूल रचना पुरानी है। इसका ओरिजिनल वर्जन 'दिल पे जख्म खाते हैं' है, जिसे मशहूर पाकिस्तानी कव्वाली गायक नुसरत फतेह अली खान ने 1977 में गाया था। फिल्म के लिए इस रचना का नया अंदाज तैयार किया गया है, जिसमें नुसरत फतेह अली खान और शाश्वत सचदेव की आवाजें शामिल हैं।
आतिफ की यह परफॉर्मेंस ऐसे समय सामने आई है, जब भारत में पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट कंटेंट को लेकर विवाद चल रहा है। नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की 4 दिसंबर को प्रस्तावित रिलीज का AICWA और FWICE जैसे फिल्म संगठनों ने विरोध किया है। खबरों के मुताबिक, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को भारत में पाकिस्तानी मूल का कंटेंट उपलब्ध न कराने के सरकार के पुराने निर्देश याद दिलाए हैं।
FWICE के अध्यक्ष बी. एन. तिवारी ने कहा कि पिछले साल सरकार ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तानी कंटेंट न दिखाने के निर्देश दिए थे और उन्होंने नेटफ्लिक्स पर इस प्रतिबद्धता का पालन करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सीरीज 4 दिसंबर को रिलीज होती है, तो 5 दिसंबर से भारत में नेटफ्लिक्स की किसी भी शूटिंग को होने नहीं दिया जाएगा।
