वाराणसी के युवा टेनिस खिलाड़ी आयुष्मान पाठक ने पटना में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) चैंपियनशिप सीरीज में अंडर-14 बालक वर्ग का खिताब जीत लिया है। 23 से 27 नवंबर 2026 तक चली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश भर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस जीत के साथ आयुष्मान वाराणसी से अंडर-14 चैंपियनशिप सीरीज का खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
फाइनल मुकाबले में आयुष्मान का सामना अयान रहमान से हुआ। आयुष्मान ने सटीक शॉट्स और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अयान को सीधे सेटों में 7-4, 6-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
आयुष्मान ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता अभिषेक पाठक, माता माधवी पाठक और कोच बृज भूषण यादव के मार्गदर्शन को दिया है। कोच बृज भूषण यादव ने कहा कि यह जीत आयुष्मान की कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सफलता वाराणसी के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
आयुष्मान की इस उपलब्धि पर शहर के खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और स्थानीय खेल संघों में खुशी की लहर है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
