मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा के एक बार फिर कप्तान बनने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 2011 में बोली लगाने के साथ ही रोहित उनके परिवार का हिस्सा बन गए थे। फ्रेंचाइजी के 20वें सीजन से पहले हुई इस वापसी को टीम के लिए खास बताया गया है।

नीता अंबानी ने रोहित के सफर को याद करते हुए कहा कि 2011 में उनके लिए बोली लगाई गई थी और उसी पल से वह मुंबई इंडियंस परिवार का हिस्सा बन गए। उन्होंने कहा कि वह आज भी उस युवा रोहित को याद करती हैं और सालों तक उन्हें एक क्रिकेटर, चैंपियन, लीडर और एक शानदार पारिवारिक व्यक्ति के रूप में निखरते देखना उनके लिए खुशी और सौभाग्य की बात रही है।

आगामी 20वें सीजन पर बात करते हुए नीता अंबानी ने कहा कि यह सभी के लिए बेहद खास पल है कि रोहित एक बार फिर टीम की अगुआई करते दिखेंगे। उन्होंने कहा कि रोहित ने सालों में कई यादगार पल दिए हैं और वह जानती हैं कि वह पलटन के लिए कितने मायने रखते हैं। उन्हें उम्मीद है कि यह नया अध्याय टीम और लाखों फैंस के लिए गर्व के और भी पल लेकर आएगा।

इस मौके पर आकाश अंबानी ने रोहित के अनुभव और टीम की तैयारियों पर भरोसा जताया। वहीं कप्तान के तौर पर वापसी पर रोहित शर्मा ने कहा कि मुंबई इंडियंस उनकी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा रही है और इस टीम की अगुआई करना हमेशा गर्व की बात रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले सीजन को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ हुई बातचीत रोमांचक रही और उन्हें पूरा भरोसा है कि टीम क्या कुछ हासिल कर सकती है।