बारासात सरकारी कॉलेज में बाल विवाह विरोधी जागरूकता प्रदर्शनी में भारत के नक्शे को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक छात्रा की बनाई भारत माता की तस्वीर में जम्मू-कश्मीर का कुछ हिस्सा गायब है। इस आरोप पर उन्होंने प्रदर्शन किया और प्रिंसिपल के कक्ष के बाहर धरना भी दिया।

राज्य सरकार की ओर से बाल विवाह रोकने और किशोरियों में कम उम्र में मातृत्व के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कालेज में यह प्रदर्शनी आयोजित की गई थी। इसमें प्रथम सेमेस्टर की एक छात्रा की बनाई तस्वीर भी प्रदर्शित की गई थी, जिस पर लिखा था, 'बचपन शादी के लिए नहीं, बल्कि सपने देखने के लिए है।'

एबीवीपी के बारासात नगर समिति के नेताओं ने आरोप लगाया कि तस्वीर में भारतीय मानचित्र के तहत जम्मू-कश्मीर का कुछ हिस्सा नहीं दिखाया गया है। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी बंद कराने के साथ संबंधित शिक्षक प्रीतम बंद्योपाध्याय और छात्रा को निष्कासित करने की मांग की। समिति के सचिव कृष्णानु विश्वास ने तस्वीर को भारत माता का विकृत रूप बताया।

कालेज के प्रिंसिपल शांतनु चट्टोपाध्याय ने सोमवार को सभी पक्षों के साथ बैठक कर मामले पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।