भोपाल में शनिवार को खेले गए महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी के फाइनल में भारतीय टीम ने चीन को 3-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार यह खिताब जीता है और वह इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बन गया है। भारत का यह चौथा खिताब है, जिससे उसने दक्षिण कोरिया (तीन खिताब) को पीछे छोड़ दिया। भारत लगातार तीन संस्करण जीतने वाली पहली टीम भी बन गया है।

पहले हाफ में मेजबान भारतीय टीम को संघर्ष करना पड़ा, जहां निर्णायक पास और गेंद पर नियंत्रण में खिलाड़ियों को दिक्कत हुई। दूसरे हाफ में भारत ने खेल पर दबदबा बनाया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के लिए दीपिका ने 38वें और 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए, जबकि इशिका ने 42वें मिनट में फील्ड गोल किया। चीन के लिए एकमात्र गोल युजुन चेन ने 25वें मिनट में किया। अहम मौकों पर दो गोल करने वाली दीपिका को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दीपिका ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 10 गोल किए, जिनमें नौ पेनल्टी कॉर्नर पर थे। वह इस साल 25 मैचों में 41 गोल करके सबसे ज्यादा गोल करने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। जीत के बाद दीपिका ने कहा कि इस कामयाबी में धैर्य सबसे बड़ी कुंजी रहा, जिसने टीम को मुश्किल घड़ी से निकालकर चैंपियन बनाया।

इससे पहले राउंड रॉबिन लीग में भारत ने चीन को 6-2 से हराया था। भारतीय टीम ने 2023 में रांची और 2024 में राजगीर में यह खिताब जीता था। इस साल जापान में हुए एशियाई खेलों के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालीफाई किया था और पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रही। टीम ने इस साल न्यूजीलैंड में नेशंस कप जीता और नीदरलैंड व बेल्जियम में हुए विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 52 साल बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इस जीत के साथ भारतीय टीम 25 नवंबर को विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई।