यमुना नदी में कचरा फेंकने से रोकने पर एक शख्स के भड़कने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शख्स कंटेंट क्रिएटर को गाली देते और मारने की धमकी देते नजर आ रहा है। आरोप है कि उसने कार की डिक्की से बेसबॉल बैट निकालकर कंटेंट क्रिएटर को मारने के लिए दौड़ाया। वीडियो सामने आने के बाद लोग दिल्ली पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वायरल वीडियो के मुताबिक, एक शख्स सड़क किनारे अपनी गाड़ी खड़ी कर यमुना में कचरा फेंकने जा रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे कंटेंट क्रिएटर कमल चौधरी ने उससे पूछा कि वह ऐसा क्यों कर रहा है। शख्स ने ज्योतिष की वजह से ऐसा करने की बात कही। कमल ने पास लगे बोर्ड की ओर इशारा करते हुए बताया कि नदी में कचरा डालना मना है और अगर लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे तो नदी को साफ करना मुश्किल होगा।

वीडियो के अनुसार, यह सुनते ही शख्स भड़क गया और कमल को वहां से चले जाने को कहा। आरोप है कि उसने गाली देने और मारपीट की धमकी दी। कमल ने उसे शांत तरीके से समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और चुनौती देते हुए कहा, 'तू रोक लेगा क्या मुझे?'। कमल अपनी बाइक स्टार्ट कर वहां से जाने लगे, तभी शख्स ने उन्हें आवाज देकर रोका। इसके बाद उसने जूते पहने, हाथ में पकड़ी थैली कार की पिछली सीट पर रखी और डिक्की खोलकर बेसबॉल बैट निकाल लिया। यह देखकर कमल बाइक लेकर वहां से निकल गए और जाते समय शख्स को बताया कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

घर पहुंचने के बाद कमल चौधरी ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि यमुना पहले से ही प्रदूषण की मार झेल रही है और सरकार बार-बार लोगों से नदी में कूड़ा न डालने की अपील करती है, लेकिन कुछ लोग इसकी परवाह नहीं करते। कमल ने कहा कि उन्होंने यह वीडियो किसी से लड़ने के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता के लिए साझा किया है। उन्होंने लिखा, 'यमुना हम सबकी है, इसे बचाना भी हम सबकी जिम्मेदारी है।' वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दिल्ली पुलिस से शख्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर किए जा रहे एक दावे के मुताबिक, कचरा फेंकने वाले शख्स की पहचान गौरव बत्रा के रूप में हुई है और वह एक कंपनी में ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट के पद पर हैं।