दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को धीमी हवा और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण बिगड़ गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिन का औसत एक्यूआई 293 यानी खराब श्रेणी में रहा, लेकिन शाम चार बजे के बाद यह 306 तक पहुंचकर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज हुआ। 14 नवंबर के बाद पहली बार दिल्ली की हवा इस स्तर पर पहुंची है। शुक्रवार की तुलना में औसत एक्यूआई 67 अंक अधिक रहा।
सीपीसीबी के 58 निगरानी स्टेशनों में से 42 बहुत खराब और 16 खराब श्रेणी में रहे। चांदनी चौक की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही, जहां एक्यूआई 400 दर्ज किया गया। सुबह से ही राजधानी के अधिकांश इलाकों में स्माग की परत छाई रही।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार और सोमवार को राजधानी की हवा बहुत खराब श्रेणी में रह सकती है। आईएमडी के मुताबिक प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों से हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम मिश्रण गहराई 1100 मीटर और वेंटिलेशन सूचकांक 1800 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहा। कम मिश्रण गहराई के कारण प्रदूषण के कण बाहर नहीं निकल पाते।
दिल्ली के लिए वास्तविक समय के स्रोत विभाजन अनुमानों के अनुसार पीएम2.5 प्रदूषण में वाहनों के उत्सर्जन की हिस्सेदारी सबसे अधिक 27.1 प्रतिशत रही। बायोमास जलाने का 22.9 प्रतिशत, कचरा जलाने का 18.5 प्रतिशत, माध्यमिक कार्बनिक एरोसोल का 17.2 प्रतिशत और माध्यमिक अकार्बनिक प्रदूषकों का 10.4 प्रतिशत योगदान रहा।
