बस्ती जनपद में अन्य हिरण प्रजातियों की संख्या बढ़ने के बावजूद बारहसिंगा की आबादी में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2017 की वन्य जीवन गणना में जहां 136 बारहसिंगा पाए गए थे, वहीं 2022 की गणना में यह संख्या घटकर महज 85 रह गई। सड़क दुर्घटनाएं, कुत्तों के हमले, शिकार और आवास की कमी इनकी मृत्यु के प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।

वर्ष 2017 की वन्य जीवन गणना में बस्ती में कुल 408 हिरण पाए गए थे, जिनमें पांच प्रजातियां शामिल थीं। इनमें पाढ़ा 170, बारहसिंगा 136, चीतल 94, सांभर छह और दो काला मृग थे। 2022 की गणना में अन्य प्रजातियों की संख्या में तो वृद्धि हुई, लेकिन बारहसिंगा की संख्या घटकर 85 रह गई। मादा बारहसिंगा साल में केवल एक बार प्रजनन करती है और सामान्यतः एक ही बच्चे को जन्म देती है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बारहसिंगा को राज्य पशु घोषित कर रखा है और दुर्लभ वन्य जीव होने के कारण इसे संकटग्रस्त सूची में रखा गया है।

अधिवक्ता गोपेन्द्र अग्रहरी के अनुसार, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत बारहसिंगा एक संरक्षित जीव है। इसके सींग, खाल या शरीर के किसी भी हिस्से का व्यापार करना, बेचना या बिना सरकारी अनुमति के रखना दंडनीय अपराध है। ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर भारी जुर्माना और तीन से सात वर्ष तक की सजा हो सकती है।

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में प्राणि विज्ञान (बोर्ड आफ स्टडीज) के पूर्व चेयरमैन प्रोफेसर डा. जे.पी. शुक्ला ने बताया कि बारहसिंगा का प्राकृतिक वास दलदली घास का मैदान होता है, जो खत्म होता जा रहा है। यह सींग के कारण अक्सर फंस जाते हैं और सींग, मांस व खाल के लिए इनका शिकार भी चोरी छिपे हो रहा है। गोरखपुर चिड़ियाघर के पशु चिकित्साधिकारी डा. योगेश सिंह ने कहा कि हैबिटेट में कमी और जंगलों में लोगों के आवागमन में बढ़ोतरी के कारण इन्हें ब्रीडिंग के लिए शांतिपूर्ण स्थान नहीं मिल पा रहा है। वहीं, सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, बस्ती की प्रभागीय निदेशक डा. शिरीन ने बताया कि हिरण की कोई भी प्रजाति हो, उसका हार्ट कमजोर होता है और अक्सर कुत्तों के दौड़ाने पर यह हृदयाघात से दम तोड़ देते हैं। उन्होंने कहा कि ये एक निश्चित स्थान पर नहीं रहते और बेहतर हैबिटेट मिलने पर वहां चले जाते हैं। उनके मुताबिक, अब तक शिकार की कोई घटना सामने नहीं आई है।