छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो में बुधवार को आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद हुए सांस्कृतिक आयोजन में साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू का महिला डांसरों के साथ नृत्य करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में विधायक 'कहां गाओ चिलम तंबाकू' गाने पर ठुमके लगाते दिख रहे हैं और इस दौरान उनके गले में भाजपा का पट्टा भी नजर आ रहा है।
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भी मौजूद थे, जो मंच पर बैठकर विधायक का नृत्य देखते हुए मुस्कुराते नजर आए। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मारो में 2.32 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया था और उनके जाने के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके दौरान विधायक ईश्वर साहू ने महिला डांसरों के साथ नृत्य किया।
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का अभियान केवल भाषणों और कागजों तक सीमित है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि ऐसे में नशामुक्त भारत का लक्ष्य कैसे पूरा होगा।
