राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बेहतरीन जीत पर राहुल गांधी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने राजस्थान की जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि भरोसे पर खरे उतरने की जिम्मेदारी अब कांग्रेस की है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जवाब भाजपा शासित राज्य की तरफ से आया है, वह भी सीधे 'डबल इंजन' को।
बता दें, राजस्थान के पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस ने भारी बहुमत से जीत हासिल की है। जारी आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस ने जिला परिषद में 15 सीटों के फायदे के साथ 25 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि पंचायत समिति में 269 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा इस मामले में काफी पीछे है। राहुल गांधी ने इसी प्रदर्शन पर अपनी खुशी जाहिर की है।
राहुल गांधी ने राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत पर राजस्थान पीसीसी के पोस्ट को रिशेयर कर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, राजस्थान के ग्रामीण भाइयों-बहनों का दिल से धन्यवाद। पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी जिम्मेदारी है। ये जवाब भाजपा की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है- सीधे डबल इंजन को।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर मनरेगा पर हमला करने और किसानों को घाटे में डुबोने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, भाजपा ने मनरेगा पर हमला किया, किसान को घाटे में डुबोया, पंचायतों के अधिकार छीने। महंगाई, बेरोजगारी और पलायन ने गांव सूने कर दिए। गांव सब देख रहा था, सह रहा था। अब उसने बोल दिया है। ये सिर्फ राजस्थान का जनादेश नहीं बल्कि देश के हर गांव की आवाज है।
