ब्रज क्षेत्र में आगामी चुनावों को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। आगरा से मथुरा तक 2027 की सियासी हलचल बढ़ गई है। भाजपा सुरक्षा, सुशासन और विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, जबकि सपा 'यादव, मुस्लिम और तीसरी जाति' को जोड़कर जीत की कोशिश में जुटी है।
15 नवंबर को आगरा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दलित महासम्मेलन में पीडीए के 'डी' को 'दमदार दलित' बताकर सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की। वहीं, 16 और 17 नवंबर को मथुरा के परखम में भाजपा ने सुरक्षा, सुशासन और विकास का एजेंडा लेकर चुनावी रणनीति बनाई। 65 विधानसभा सीटों वाला ब्रज क्षेत्र राजनीति की नई प्रयोगशाला बन रहा है। 2017 में भाजपा ने यहां 57 और 2022 में 53 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
जनता में विकास, रोजगार और प्रत्याशियों को बदलने की व्यग्रता दिख रही है। किसान खाद न मिलने और फार्मर आईडी की व्यवस्था से परेशान हैं, जबकि कोल्ड स्टोर संचालक लागत मूल्य वापसी की मांग कर रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में सपा ने बदायूं, आंवला, फिरोजाबाद और एटा सीटें भाजपा से छीन थीं। ब्रज में भाजपा के मजबूत गढ़ को रोकने के लिए सपा जातीय समीकरण को प्रभावित करने की रणनीति पर काम कर रही है।
