विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं के मन में ईवीएम की विश्वसनीयता को लेकर बनी शंकाओं को दूर करने के लिए बदायूं जिले में शुक्रवार को ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर शुरू हो गए। जिला मुख्यालय के साथ सभी तहसील परिसरों में यह व्यवस्था लागू की गई है। सीडीओ गामिनी सिंगला ने कलेक्ट्रेट स्थित सेंटर का उद्घाटन किया और लोगों से स्वयं मशीन जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट को लेकर लोगों के मन में कई सवाल रहते हैं, जिनका जवाब अब प्रैक्टिकल के जरिए मिलेगा। नागरिक खुद बटन दबाकर मतदान का अनुभव ले सकते हैं और वीवीपैट पर्ची पर अपना चुनाव चिह्न देखकर संतुष्ट हो सकते हैं।
एडीएम एफआर महेंद्र श्रीवास्तव के अनुसार पहले दिन करीब 65 लोगों ने ईवीएम चेक कर अपना भ्रम दूर किया। मशीनें निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक सभी तहसील परिसरों और जिला मुख्यालय पर उपलब्ध रहेंगी। हर सेंटर पर जानकार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बिसौली तहसील परिसर में एसडीएम प्रियंका अग्रवाल की मौजूदगी में हुए प्रदर्शन में 16 मत डाले गए और मशीन की कार्यप्रणाली सही पाई गई। लेखपाल संदीप कुमार के अनुसार यह अभियान आगामी चार जनवरी तक जारी रहेगा। बिल्सी में एसडीएम गौरव आर्य ने डेमोंस्ट्रेशन किया, जहां पहले दिन 14 लोगों ने मशीन के उपयोग से जुड़ी जानकारी ली।
सहसवान तहसील कार्यालय पर देर शाम तक मशीन नहीं पहुंचने के कारण माकपोल शुरू नहीं हो सका और डेमो देखने पहुंचे मतदाता निराश होकर लौट गए। एसडीएम शौर्य अरोड़ा ने बताया कि मशीनें अभी आ रही हैं और एक-दो दिन में सहसवान तहसील में ईवीएम डेमो मशीन लगा दी जाएगी।
जिलाध्यक्ष भाजपा राजीव कुमार गुप्ता ने इसे प्रशासन का सराहनीय कदम बताया और कहा कि इससे वोट चोरी को लेकर बने भ्रम दूर होंगे। जिलाध्यक्ष बसपा जयपाल सिंह ने कदम का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतिदिन केवल 40-50 वोट डालकर दिखाने से स्पष्ट नहीं होता कि वोट चोरी रुकी है या नहीं, और पार्टी अलग-अलग समय पर अपने कार्यकर्ताओं को भेजकर स्वयं जांच करेगी। जिलाध्यक्ष सपा आशीष यादव ने कहा कि यदि प्रशासन और चुनाव आयोग वोट चोरी न होने का प्रमाण देना चाहते हैं तो बैलेट पेपर पर चुनाव कराया जाना चाहिए। जिलाध्यक्ष कांग्रेस अजीत यादव ने कहा कि 50-60 वोट डलवाने से यह साबित नहीं होता कि वोट चोरी नहीं होती, और सवाल उठाया कि चुनाव आयोग शाम पांच बजे के बाद की पोलिंग का डेटा क्यों नहीं देता।
