पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार (23 नवंबर) को घोषणा की कि उनकी सरकार गोहत्या को रोकने के लिए एक विधेयक लाएगी। यह घोषणा राज्य सचिवालय 'नबन्ना' में कैबिनेट बैठक के बाद की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गौ माता की हत्या की अनुमति नहीं दी जाएगी, चाहे कोई इसका कोई भी अर्थ निकाले। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार 1950 के पशुधन अधिनियम के प्रावधानों को सख्ती से लागू करेगी।
अधिकारी ने यह भी घोषणा की कि वृद्ध मवेशियों के रखरखाव, देखभाल और चिकित्सा उपचार के लिए गौशालाओं को सालाना एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे इन आश्रय स्थलों में मवेशियों के भरण-पोषण में मदद मिलेगी।
बूचड़खानों पर इस कदम के असर के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकृत बूचड़खानों के संचालन और गायों की हत्या में अंतर है। उन्होंने कहा कि बूचड़खाने और गाय को हाथ लगाना एक ही बात नहीं है, और अनुमति होने पर बूचड़खानों में पशुवध हो सकता है। उन्होंने स्वीकार किया कि मौजूदा कानूनी प्रावधानों के बावजूद राज्य के कुछ हिस्सों में अभी भी अवैध रूप से मवेशियों का वध हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा चोरी-छिपे किया जा रहा है और मामले का विवरण भेजे जाने पर इसे रोका जाएगा।
गौरतलब है कि 1950 के पशुधन अधिनियम के तहत मवेशियों के वध के लिए प्रशासनिक स्वीकृति आवश्यक है। ये नियम 14 वर्ष से कम आयु के मवेशियों के वध पर रोक लगाते हैं और सक्षम स्थानीय प्राधिकारी या राज्य पशु संसाधन विभाग से लिखित अनुमति तथा पशु को वध के लिए उपयुक्त घोषित करने वाले प्रमाण पत्र की मांग करते हैं। पशुवध से जुड़ी 13 मई की राज्य अधिसूचना के बाद यह मामला कलकत्ता हाई कोर्ट के समक्ष आया था, जिसने 21 मई को अधिसूचना बरकरार रखते हुए दोहराया था कि आवश्यक फिटनेस प्रमाण पत्र के बिना पशुओं का वध नहीं किया जा सकता।
