कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के कथित गलत चित्रण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजकर बिना शर्त माफी मांगने, स्पष्टीकरण देने और किताब में संबंधित टिप्पणियों को सुधारने की मांग की है। अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर की ओर से भेजे गए इस नोटिस में सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के पेज 201 और 443 पर लिखी बातों पर आपत्ति जताई गई है। नोटिस के मुताबिक, सत्यकी सावरकर को हाल ही में हार्परकॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया की ओर से प्रकाशित यह किताब मिली थी। इसका प्रकाशन कथित तौर पर 10 नवंबर को हुआ था।

नोटिस में पेज 201 पर लिखे उस अंश पर आपत्ति जताई गई है, जिसमें कहा गया है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेज शासकों के हाथों हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ विचारक सावरकर अंग्रेज शासकों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके संगठन के सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के साथ मुखबिर के तौर पर काम कर रहे थे। सत्यकी सावरकर ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि इससे यह धारणा बनती है कि सावरकर अंग्रेजों के लिए भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ मुखबिरी करने या उनके साथ सहयोग करने से जुड़े थे। नोटिस में इस आरोप को ऐतिहासिक संदर्भों से परे और निराधार बताया गया है। इसमें कहा गया है कि सावरकर ने ब्रिटिश शासन के दौरान लंबे समय तक जेल में यातनाएं और कठिन परिस्थितियां झेलीं और उन्हें अंडमान स्थित सेल्युलर जेल में भी कैद रखा गया।

नोटिस में किताब के पेज 443 पर लिखी टिप्पणी को भी चुनौती दी गई है, जिसमें सावरकर को हिंदुत्व विचारधारा का संस्थापक बताते हुए उनके नजरिये को ऐसे भारत की परिकल्पना के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जहां हिंदुओं का वर्चस्व हो। इसमें इस विचारधारा को आरएसएस, भाजपा और उनसे जुड़े संगठनों से भी जोड़ा गया है। सत्यकी सावरकर ने इस चित्रण को उनकी राजनीतिक और वैचारिक सोच का सरलीकरण तथा गलत प्रस्तुति बताया है। नोटिस के मुताबिक, किताब के दोनों पन्नों पर लिखी टिप्पणियों को एक साथ पढ़ने से सावरकर की स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका और उनकी विचारधारा, दोनों के बारे में भ्रामक तस्वीर बनती है।

कानूनी नोटिस में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार की ओर से किए गए उन कार्यों का भी जिक्र किया गया है, जिन्हें सावरकर के देशभक्त और स्वतंत्रता सेनानी के रूप में सम्मान की आधिकारिक मान्यता बताया गया है। इसमें सावरकर के सम्मान में विशेष स्मारक डाक टिकट जारी किए जाने और इंदिरा गांधी की ओर से अपने बैंक खाते से स्वतंत्रवीर सावरकर राष्ट्रीय स्मारक के लिए 11 हजार रुपये दिए जाने का उल्लेख है। सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी से दोनों टिप्पणियों के लिए लिखित, स्पष्ट और बिना शर्त माफी मांगने के साथ-साथ तथ्यात्मक गलतियों और भ्रामक संकेतों को स्वीकार कर सुधारने की मांग की है। नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर सत्यकी सावरकर ने सक्षम अदालत या प्राधिकरण के समक्ष उचित कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।