पुणे में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को वीर सावरकर पर कथित रूप से गलत और मानहानिकारक टिप्पणी को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस सावरकर के पड़पोते सत्यकी सावरकर ने भेजा है। नोटिस में सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में किए गए दावों के तथ्य या सबूत मांगे गए हैं।
सत्यकी सावरकर के वकील कोल्हटकर के मुताबिक, किताब के पेज 201 और 443 पर वीर सावरकर के बारे में गलत जानकारी दी गई है। नोटिस में सोनिया गांधी से किताब में किए गए दावों का आधार पूछा गया है और उन्हें साबित करने वाले तथ्य या सबूत देने को कहा गया है। जवाब के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। वकील के अनुसार, अगर जवाब नहीं मिलता है तो सत्यकी सावरकर पुणे जिला अदालत में याचिका दाखिल करेंगे।
कोल्हटकर ने साफ किया कि फिलहाल कानूनी कार्रवाई का मुख्य आधार मानहानि है और यह विशेष रूप से वीर सावरकर की मानहानि के आरोप पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि आगे रिसर्च की जा रही है, क्योंकि अन्य कानूनी प्रावधान भी लागू हो सकते हैं, और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले शिवसेना नेताओं शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे ने किताब के पन्ने फाड़कर प्रतीकात्मक विरोध किया था और प्रकाशक हार्परकॉलिन्स से पेज 201 और 443 पर मौजूद अंश हटाने की मांग की थी। सोनिया गांधी के संस्मरण की औपचारिक लॉन्च 16 नवंबर को नई दिल्ली में एक पब्लिक इवेंट में हुई थी।
