रांची। झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में भारतीय जनता पार्टी एमएमडीआर और एसआईआर के मुद्दे पर झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार के "झूठे नैरेटिव" का जवाब देने की तैयारी में है। सोमवार को प्रदेश कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत सभी नेताओं ने सदन में इन मुद्दों पर सच्चाई रखने की बात की। भाजपा विधायकों ने एक सुर में कहा कि वे गठबंधन के झूठे नैरेटिव का पुरजोर जवाब देंगे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में एसआईआर और एमएमडीआर के मुद्दे पर झूठ फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है और प्रशासनिक अधिकारी ही एसआईआर की पूरी प्रक्रिया संपन्न करा रहे हैं। ऐसे में एसआईआर पर आपत्ति करना अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा करना है।
जायसवाल ने कहा कि एमएमडीआर पर कांग्रेस शासित राज्यों को भी आपत्ति नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार कोयला पर सेस लगाकर उसकी कीमत बढ़ा रही है, जिसकी वजह से पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कोयला उद्योगपति खरीद रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में कोयला चोरी जारी रहे, इसके लिए एमएमडीआर का विरोध किया जा रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि एसआईआर और एमएमडीआर दोनों आम लोगों के हित में हैं।
नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों के नाम वोटर लिस्ट से नहीं कटने की वजह से ही इसका विरोध किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि विशेष सत्र में खनिज सेस और एसआईआर पर मोदी सरकार को घेरने के लिए झारखंड विधानसभा में एक अहम प्रस्ताव पेश होना है।
