मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 26 नवंबर को बेतिया में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे। नगर के सागर पोखरा से राज देवढ़ी तक प्रस्तावित इस पदयात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार की दोपहर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, नगर आयुक्त शिवाशी दीक्षित और बेतिया राज के मैनेजर अनिल कुमार सिंह समेत कई अधिकारियों तथा भाजपा नेताओं ने राज देवढ़ी परिसर में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपक श्रीवास्तव के अनुसार मुख्यमंत्री पदयात्रा में शामिल होंगे और एनडीए की ओर से भी तैयारी तेज कर दी गई है। भाजपा नेता रवि सिंह ने बताया कि पदयात्रा 26 नवंबर की सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें करीब दस हजार कार्यकर्ता एवं समर्थकों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। राज देवढ़ी में आम सभा भी होगी और कार्यक्रम करीब तीन घंटे का निर्धारित है।
पदयात्रा सागर पोखर से शहीद स्मारक के रास्ते लाल बाजार और सोआबाबू चौक होते हुए राज देवढ़ी पहुंचेगी। करीब 3.8 किमी लंबे इस मार्ग पर पदयात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी और 26 नवंबर को रूट डायवर्ट किया जाएगा। गोपाल सिंह नेपाल पथ के बाद सभी ब्रांच सड़कों से मुख्य सड़क का कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए सागर पोखरा से राज देवढ़ी मुख्य पथ को जोड़ने वाली ब्रांच सड़कों पर बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि पदयात्रा के मार्ग में अनावश्यक व्यवधान न हो। बैरिकेडिंग का काम 24 नवंबर से शुरू होगा। इसके अलावा राज देवढ़ी तक पहुंचने वाले कुछ मार्गों पर भी बैरिकेडिंग होगी और राज देवढ़ी परिसर से कई दुकानों को हटाया जाएगा। भाजपा नेता रवि सिंह ने बताया कि 1980 में पार्टी के गठन के बाद अटल बिहारी वाजपेयी पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे और राज देवढ़ी परिसर में ऐतिहासिक सभा हुई थी, जहां उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को रेडियो पर सीधी बहस की चुनौती दी थी। उस परिसर में वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग चल रही है।
