पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर आम आदमी पार्टी ने हमला बोला है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को इस गठबंधन को 'ठग समझौता' करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि यह गठबंधन पंजाब के लिए नहीं, बल्कि दोनों पार्टियों के परिवारों और सीटों को बचाने के लिए है। मान ने कहा कि जो दल कल तक तीन कृषि कानूनों, पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और सिख संस्थाओं पर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे, वे सत्ता के लालच में फिर साथ आ गए हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा सत्ता के लालच में किसी भी दल से गठबंधन कर सकती है। केजरीवाल ने कहा कि आप का गठबंधन पंजाब की महिलाओं, अनुसूचित जाति समुदाय, किसानों और व्यापारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि शिअद और भाजपा अपने राजनीतिक हितों के लिए बार-बार साथ आते और अलग होते रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन को नहीं भूली है।
आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंगलवार की घोषणा का हवाला दिया, जिसमें शाह ने कहा था कि गठबंधन में शिअद की भूमिका 'बड़े भाई' की होगी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने सहयोगी दलों का राजनीतिक अस्तित्व खत्म करती रही है और इसके लिए उन्होंने बीजू जनता दल और बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी का उदाहरण दिया।
आप नेता मनीष सिसोदिया ने भी गठबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गठबंधन ने पंजाब में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े नेताओं को एकजुट कर दिया है। सिसोदिया ने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने पहले पंजाब को नशे की दलदल में धकेला था।
