बिहार में सिंदूर लगाने की पारंपरिक विधि को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। छठ के पवित्र सिंदूर पर कॉमेडियन यश माहेश्वरी की कथित टिप्पणी के बाद पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तस्वीर चर्चा का केंद्र बन गई है। तस्वीर में शिवांगी की मांग से लेकर नाक तक सिंदूर लगा दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर लोग इस तस्वीर को साझा करते हुए बिहार की पारंपरिक विवाह संस्कृति का हवाला दे रहे हैं। उनका कहना है कि यहां कई परिवारों में दुल्हन की मांग भरने के साथ नाक तक सिंदूर लगाने की रस्म भी निभाई जाती है। ऐसे में इस परंपरा को लेकर मजाक उड़ाना या अभद्र टिप्पणी करना लोगों को नागवार गुजर रहा है।
लोगों के मुताबिक, हर क्षेत्र में शादी की रस्में और रीति-रिवाज अलग-अलग होते हैं और किसी परंपरा को समझे बिना उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। सिंदूर बिहार की सांस्कृतिक और वैवाहिक परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है और छठ जैसे पवित्र पर्व से जुड़ी मान्यताओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
फिलहाल शिवांगी की शादी की तस्वीर और यश माहेश्वरी की कथित टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। बता दें कि बिहार की महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ पटना में एफआईआर दर्ज की गई है।
