बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में 10 नवंबर की रात बाइक सवार बदमाशों ने घर में घुसकर 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। दानापुर डीएसपी टू अमरेंद्र कुमार के अनुसार, मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपित को एक सप्ताह पहले गिरफ्तार किया गया था, जबकि रविवार को मुख्य शूटर को हिरासत में लिया गया, जो नाबालिग बताया गया है और उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हत्या में प्रयुक्त हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी नेहा परवीन उर्फ फौजिया फिरदोश का गांव के ही करण कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका पति विरोध करता था। आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने का फैसला किया। करण कुमार ने 40 हजार रुपये में एक शूटर हायर किया, जिसके लिए पत्नी ने जीविका दीदी से लोन लेकर रुपये प्रेमी को दिए।
घटना के बाद दानापुर डीएसपी टू अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में स्पेशल टीम गठित की गई थी। पुलिस ने घटना के 36 घंटे के भीतर मृतक की पत्नी, प्रेमी सह पड़ोसी करण चौधरी और एक नाबालिग को हिरासत में लिया था। बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मृतक का मोबाइल लेकर फरार हो गए थे।
