मुंबई हाईकोर्ट ने गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम से जुड़ी एक इमारत को मस्जिद बताने पर याचिकाकर्ताओं को फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि उसे गुमराह न किया जाए। बुधवार को सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की बेंच ने इमारत गिराने पर लगी रोक 30 नवंबर तक बढ़ा दी। साथ ही परिसर में नमाज पढ़ने और किसी के भी अंदर जाने पर रोक का आदेश दिया।

मामला मुंबई के हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना से जुड़ा है, जिसे BMC ने जर्जर और खतरनाक घोषित करते हुए C-1 श्रेणी में रखा था। 18 और 19 नवंबर को इमारत गिराने की योजना बनाई गई थी। 19 नवंबर को जब BMC तोड़फोड़ के लिए पहुंची, उसी दिन अब्दुल रजाक और अमीराली वजीराली पंजवानी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया कि यह इमारत मस्जिद है। कोर्ट ने तब यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

बुधवार की सुनवाई में BMC की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अनिल साखरे ने कोर्ट को बताया कि इमारत बेहद जर्जर है और आसपास रहने वालों के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि यह एक इमारत है, मस्जिद नहीं, जैसा याचिकाकर्ता दावा कर रहे हैं। उनके मुताबिक 2007 से इसके कई छोटे हिस्से गिर रहे हैं और इसमें कोई नहीं रहता। याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने दोहराया कि इमारत में मस्जिद है और वहां दिन में पांच बार नमाज अदा की जाती है। उन्होंने रोजाना या कम से कम शुक्रवार की नमाज की अनुमति मांगी, जिसे कोर्ट ने इनकार कर दिया।

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि इमारत की जर्जर हालत को देखते हुए 30 नवंबर तक कोई भी परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। पीठ ने कहा कि अगर कोई अप्रिय घटना हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। बता दें कि 1939 में बनी यह इमारत दाऊद इब्राहिम और उसके परिवार का 1970 के दशक में ठिकाना थी। दाऊद 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों का मास्टरमाइंड है और रिपोर्ट्स के मुताबिक वह पाकिस्तान में है।