मुंबई के मलाड में रहने वाले 88 वर्षीय देवचंद कोरशी डेधिया ने अपनी पत्नी मंजुला डेधिया के साथ 1999 में एक फ्लैट खरीदा था। पत्नी की 12 मार्च 2015 को मौत के बाद उनके बड़े बेटे शिबन देवचंद डेधिया और बहू रीटा डेधिया ने कथित तौर पर उन्हें छोटे बेटे के साथ रहने के लिए कहा। पिता का आरोप है कि बेटे ने कारोबार संभालने के नाम पर उनसे पावर ऑफ अटॉर्नी पर हस्ताक्षर करवाए और बाद में उन्हें पता चला कि फ्लैट के शेयर बेटे के नाम कर दिए गए हैं।
पिता के मुताबिक, 4 जून 2018 को रजिस्टर्ड गिफ्ट डीड के जरिए फ्लैट बेटे के नाम किया गया, जिसमें यह शर्त थी कि वे अपनी पूरी जिंदगी फ्लैट में रह सकेंगे और बेटे को केवल सांकेतिक कब्जा दिया जाएगा। उनका आरोप है कि फ्लैट बेटे के नाम होने के बाद उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा और कोरोना महामारी के दौरान उन्हें फ्लैट में प्रवेश करने तथा अपना सामान और दस्तावेज लेने से भी रोक दिया गया। इसके बाद उन्हें कांदिवली और मलाड में अलग-अलग जगहों पर रखा गया और आखिरकार गोरेई स्थित वृद्धाश्रम में पहुंचा दिया गया।
जून 2022 में पिता ने कानूनी नोटिस भेजकर भरण-पोषण और गिफ्ट डीड रद्द करने की मांग की और 13 मार्च 2023 को बांद्रा स्थित सीनियर सिटीजन ट्रिब्यूनल का दरवाजा खटखटाया। ट्रिब्यूनल ने 14 मार्च 2024 को बेटे और बहू को हर महीने 10 हजार रुपये भरण-पोषण देने और पिता को उनकी गोदाम की संपत्ति का कब्जा सौंपने का निर्देश दिया, लेकिन फ्लैट की गिफ्ट डीड रद्द करने से इनकार कर दिया।
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस आरती साठे ने कहा कि गिफ्ट डीड में साफ तौर पर पिता को जीवनभर फ्लैट में रहने का अधिकार दिया गया था और बेटे-बहू के लिए इस शर्त का पालन करना जरूरी था। अदालत ने स्पष्ट किया कि जब किसी संपत्ति का हस्तांतरण इस शर्त पर किया जाता है कि बुजुर्ग व्यक्ति को जीवनभर वहां रहने की सुविधा मिलेगी और हस्तांतरण पाने वाला व्यक्ति इस शर्त का पालन नहीं करता, तो गिफ्ट डीड रद्द की जा सकती है। हाई कोर्ट ने पिता की याचिका स्वीकार करते हुए 4 जून 2018 की गिफ्ट डीड रद्द कर दी और बेटे-बहू को 15 दिनों के भीतर फ्लैट का कब्जा पिता को सौंपने का आदेश दिया। अदालत ने यह भी कहा कि तय समय में कब्जा न लौटाने पर बेटे-बहू को पुलिस की मदद से फ्लैट से बाहर निकाला जाएगा।
